Thursday, September 2, 2010

वे सुन नहीं सकते....!

वे सुन नहीं सकते
हालांकि वे सुनना चाहते हैं
पेड़ों और हवाओं के गीत
दरियाओं का संगीत
आबी परिंदों की आवाजें
शहंशाह आलम की कविताएँ
कोशिश करें तो
वे भी सुन सकते हैं
सुनने की सारी चीजे हैं
इसलिए वे शहर बहरे नहीं हैं
हमीं ने उन्हें
बहरा किया हुआ है अनंत काल से !
=============================
शहंशाह आलम की रचना।
=============================

Wednesday, August 4, 2010

मुक्तक....

माटी को रौंदो इतना अपने पाँवों से,
कि कला- करों से माटी की मूरत गढ़ जाए।
कई सीढियां चढ़ीं अभी अनगिन बाक़ी हैं,
जिन पर चढ़ कर ये जीवन ऊपर चढ़ जाए।।
==============================

Wednesday, June 23, 2010

इच्छा उम्र से ज्यादा जीने की...!

घास को देखो
बार-बार उग आते हैं
नाखून बार-बार बढ़ जाते हैं
वैसे ही बाल भी
कितनी जिद है इनमें
उम्र से ज्यादा जीने की
इच्छा
बने रहने की....!
==========================
भास्कर चौधरी की रचना साभार.

Monday, May 3, 2010

हवा के दोश पर बादल के टुकड़े की तरह हम हैं...!

बिखरते टूटते लम्हों को अपना हमसफ़र जाना
था इस राह में आखिर हमें ख़ुद ही बिखर जाना

हवा के दोश पर बादल के टुकड़े की तरह हम हैं
किसी झोंके से पूछेंगे कि है हमको किधर जाना
मेरे जलते हुए घर की निशानी बस यही होगी
जहाँ इस शहर में तुम रोशनी देखो ठहर जाना

पस-ए-ज़ुल्मत कोई सूरज हमारा मुन्तज़िर होगा
इसी एक वहम को हमने चिराग़-ए-रहगुज़र जाना
दयार-ए-ख़ामोशी से कोई रह-रहकर बुलाता है
हमें मख्मूर एक दिन है इसी आवाज़ पर जाना
=================================
दयार-ए-खामोशी=मौत का घर, दोश=कंधे
पस-ए-ज़ुल्मत=अँधेरे के आगे,
मुन्तज़िर =इंतज़ार करता हुआ

=================================

मख्मूर सईदी की ग़ज़ल साभार प्रस्तुत.

Wednesday, April 21, 2010

आइए! धरती बचाएँ....

बड़ी-बड़ी बातों से
नहीं बचेगी धरती
वह बचेगी
छोटी-छोटी कोशिशों से
हम
नहीं फेकें कचरा
इधर-उधर
स्वच्छ रहेगी धरती
हम
नहीं खोदें गड्ढा
स्वस्थ रहेगी धरती
हम
नहीं होने दें उत्सर्जित
विषैली गैसें
प्रदूषण मुक्त रहेगी धरती
हम
नहीं काटें जंगल
पानीदार रहेगी धरती
धरती को पानीदार बनाएँ
आइए! धरती बचाएँ।
=======================
विश्व पृथ्वी दिवस पर...
अजहर हाशमी की रचना
'नई दुनिया' से साभार प्रस्तुत.

Saturday, April 17, 2010

है जान वहीं अफ़साने में...!

चर्चा है दो ही बातों का, मेरी उम्र के सारे फ़साने में
कुछ दिन तेरी राहों में गुजरे, कुछ बीत गए मयखाने में
दुखड़ों का ज़िक्र बयां ग़म का, दिलचस्प है यूं तो किस्सा मेरा
आया है जब भी नाम तेरा, है जान वहीं अफ़साने में।
==========================================
नसीम नारवी के अशआर साभार.

हम पृथ्वी के नमक नहीं....!

हम पृथ्वी के नमक नहीं
इंसानियत के खमीर हैं
हमारी हथेलियों पर
भाग्य की रेखाएँ नहीं
अभिशाप के नक़्शे हैं
हमारे ह्रदय
हमारे मस्तिष्क का अस्तित्व नहीं
हम
केवल रस ग्रंथियों के समूह नहीं हैं।
============================
गुरुदेव कश्यप की रचना साभार प्रस्तुत.